साथ-साथ

Wednesday, March 16, 2011

यह एकल परिवार का जमाना है

चूंकि यह एकल परिवार का जमाना है यानी पति-पत्नी और बच्चा या बच्चे, इसलिए अब खासकर शहरों में संयुक्त परिवार की याद एक आह भरी स्मृति बनकर रह गई है। कविता में इसकी हाहाकारी गूंज-अनुगूंज अनेक आवाजों में सुनाई पड़ती है। जैसे वरिष्ठ और बुजुर्ग कथाकार-कवि रामदरश मिश्र की यह कविता-

परिवार/रामदरश मिश्र

कल तक हम परिवार थे
एक-दूसरे की आंखों में
अपने को पढ़ते हुए
एक-दूसरे के ओठों पर
अपनी हंसी रचते हुए
हमारे किवाड़ों पर
जब हमारी अंगुलियों की थाप पड़ती थी
तब घर के भीतर बिछी हुई उत्सुक प्रतीक्षाएं
सितार के तारों की तरह झनझना उठती थीं
और किवाड़ों के पास आकर
वे थाप में समा जाती थीं
पूरा आंगन चिडिय़ों की चहचहाहट से भर जाता था
एक की नींद टूटती थी
तो सपने दूसरे की आंखों में उग आते थे
इंद्रधनुष की तरह
उठा हुआ एक हाथ
शाम की तरह गिरता था
तो दूसरे हाथ उठ जाते थे सुबह की तरह
एक पांव जमता था बर्फ की तरह
तो दूसरे पांवों से नदी बह चलती थी
खिड़की चाहे किसी ओर हो
हर कमरे का मुंह आंगन में ही खुलता था
भिन्न-भिन्न रंगों के होकर भी हम उद्यान थे
अलग-अलग होकर भी हमारे स्वर सहगान थे

आज हम एक ही मतपेटी में पड़े हुए
अलग-अलग दलों के वोट हैं
व्यक्ति से मुहर बने हुए
साथ-साथ रहते हुए भी
एक-दूसरे से तने हुए।

Tuesday, March 15, 2011

घर में लगाना चाहता है दुनिया का सबसे मजबूत ताला

बिहार में वैशाली जिले के एक गांव में 1954 में जन्मे कवि मदन कश्यप समकालीन कविता में एक जरूरी उपस्थिति के तौर पर देखे जाते हैं। उनमें निरंतरता भी है और विविधता भी। पढि़ए उनकी जोकर सीरीज की तीन कविताएं-

जोकर/मदन कश्यप

एक
एक दिन अचानक ताश की गड्डी से उछलकर
सिंहासन पर जा बैठा जोकर
देखते रह गए बादशाह-बेगम
गुलाम तो खैर गुलाम थे
दहले-नहले भी अवाक्
छक्कों-पंजों का कुछ नहीं चल रहा था
तो दुग्गियों-तिग्गियों को कौन पूछे

हालांकि लाल पान की बेगम जोर से चीखी
और ईंट के बादशाह ने ऐसे दांत पीसे
कि पूरी बत्तीसी ही चूर हो गई
चिड़ी का गुलाम असमंजस में देर तक
सिर झटकता रहा
तीनों इक्के गोलबंद हुए
लेकिन अब क्या हो सकता था
अब तक तो तख्त पर जम चुका था जोकर।

दो
इसे हत्या की खबरें सुनाओ
यह पलकें झपकाएगा
इसे भूख और गरीबी की बातें बताओ
यह पलकें झपकाएगा
इसे विकास की योजनाएं समझाओ
यह पलकें झपकाएगा

इसके सपाट पुते चेहरे और
भावशून्य आंखों में
भीतर तक कुछ नहीं है

पांच मिनट इसके लिए बहुत कठिन है
यह पांच मिनट तक किसी की बातें
नहीं सुन सकता
पांच मिनट तक किसी विषय पर
नहीं बोल सकता
पांच मिनट तक किसी मुद्दे पर
नहीं सोच सकता
हर दूसरे मिनट एक मजाक जरूरी है
इसकी सेहत के लिए

यह केवल अपने मसखरेपन की मूर्ख-मुद्राओं से
भोले-भाले लोगों को फुसलाना जानता है
जो काफी है कुर्सी पर काबिज रहने के लिए।

तीन
अरे यह क्या हुआ सहसा
यह जोकरई के प्रति गंभीरता है
या गंभीरता की जोकरई
बेहद संजीदा हो चला है जोकर
सिंहासन सहित उड़ जाना चाहता है यह
ऊंचे आसमान में
हवाई जहाज पर चढ़कर
हवाई जहाज से भी तेज भागना चाहता है
जाने कहां पहुंचना है इसे

यह जल्दी-जल्दी पूरा करना चाहता है
अपना सब कामकाज
आज का बाजार बंद होने से पहले
पूरा बाजार खरीद लेना चाहता है
अपने घर में लगाना चाहता है
दुनिया का सबसे मजबूत ताला
दुनिया के सबसे ताकतवर आदमी को
बनाना चाहता है अपना अंगरक्षक

कहीं बहुत दूर पीछे छूट गया है अब
तिरपनवें पत्ते का सुकून।

Monday, March 14, 2011

प्रकृति से पंगा लेता विकास

जापान की त्रासदी ने आंख में उंगली डालकर बता दिया है कि अतिवादी विकास इसी तरह विनाश का तांडव मचाता रहेगा। क्या विकासवादी लोग इस सवाल पर विचार करेंगे कि कुल मिलाकर यह प्रकृति के विरुद्ध क्यों है? पढि़ए कवि निलय उपाध्याय की यह कविता-

मकड़ी/निलय उपाध्याय

मकड़ी-
जैसे खुद बुने जाल में फंसकर दम तोड़ देती है
सुविधाओं के पीछे पागल दम तोड़ देगी
यह दुनिया

तड़कते आसमान से बिजली की रास पकड़
कूदने वाले- पछताएंगे

सूखे नारियल में पानी की तरह बचा रहेगा जीवन

मनबोध बाबू,
मिट्टी को सीमेंट में बदलने की जरूरतों में
चाहे जितना जीवन शामिल हो
जितना विज्ञान
उससे अधिक शामिल होता है बाजार
उससे अधिक शामिल होती है व्यवस्था

व्यवस्था के दर्शन से अक्सर बाहर निकल जाता है जीवन
और जीवन से बाहर निकल जाती है व्यवस्था।

Sunday, March 13, 2011

जो हिटलर के बारे में सोचते हैं

उत्तर प्रदेश के इटावा में जन्मे संजय चतुर्वेदी पढ़ाई और पेशे से चिकित्सा विज्ञानी हैं। उनका पहला कविता संग्रह 1985 में सबेरा तब भी होगा छपकर आया था। प्रस्तुत है अपेक्षाकृत थोड़ी लंबी उनकी एक विचारोत्तेजक कविता-

मतदाता/संजय चतुर्वेदी

मैं टैगोर के बारे में कुछ विचार रखता था
लेकिन अब नहीं रखता
क्योंकि इससे बंगालियों की भावनाओं को ठेस पहुंचती
ईसाई दुनिया में इतने मजबूत और खाते-पीते थे
कि बिना ठेस के भी चोट कर सकते थे
इसलिए ईसा के बारे में सोचना बंद कर दिया
मुहम्मद साहब इस्लाम के अलावा
एक ऐतिहासिक व्यक्ति भी थे
लेकिन मुसलमान उनपर इस कदर काबिज थे
कि मुहम्मद साहब के बारे में सोचना बंद कर दिया
मैं सोचना चाहता था
लेकिन मैं नहीं सोचता था
मैं सोचता था कि सोचना और जीना एक चीज है
लेकिन सोचने से जीवन को ठेस पहुंचने की संभावना थी
मैं वर्ण व्यवस्था के बारे में सोचना चाहता था
मैं सभी संतों को ब्राह्मण, द्रष्टाओं को ऋषि
कारीगरों, कलावंतों, मेहनतकशों को द्विज मानता था
लेकिन ब्राह्मणों के नाम पर ऐसे बहुत से कलंक थे
जिन्हें इन बातों से ठेस पहुंचती
मैं अंबेडकर के बारे में सोचना चाहता था
लेकिन उनकी मूर्तियों के बारे में भी
और उन जमीनों के बारे में भी जिन पर वे स्थित थीं
मैं खुशवंत सिंह और शोभा डे जैसी फितरतों के बारे में
कुछ निश्चित विचार रखता था
लेकिन ऐसे लोग भी दुनिया में काफी थे
और ठेस लग सकती थी
मैं संजय गांधी और संजय सिंह जैसे लोगों के बारे में भी
कभी-कभी सोचता था
लेकिन इससे युवक कांग्रेस
और इसी तरह के अन्य तत्वों को ठेस पहुंचती
मैं दस्युरानियों, दस्युराजाओं
और उनके द्वारा मारे गए लोगों की आत्माओं के बारे में सोचता था
मैं हत्यारों और उनके कलादलालों के बारे में सोचना चाहता था
लेकिन इससे कला की स्वायत्तता को ठेस पहुंचती
मैं प्रापर्टी डीलर्स के बारे में सोचता था जो इस देश के हाकिम थे
मैं असरदार लोगों के बारे में सोचता
कभी उनके मानव अधिकारों
कभी उनकी अग्रिम जमानतों के बारे में
जैसे असरदार होना
आजीवन पाप की अग्रिम जमानत हो
लेकिन मैं किस-किस के बारे में सोचता
मैं हिटलर और नागासाकी के बारे में एक साथ सोचना चाहता था
स्तालिन और निक्सन के बारे में भी
लेकिन मैं जानता था
जो हिटलर के बारे में सोचते हैं
वे नागासाकी के बारे में नहीं सोचते
हालांकि मैं यह भी जानता था
नागासाकी या विएतनाम
अमेरिका के निजी मामले नहीं थे
और यह भी कि दोनों जगह
दिल दहला देने वाली तादाद में
निर्दोष नागरिकों को मारा गया
धीरे-धीरे सभी महत्वपूर्ण विषयों पर
लफंगों का कब्जा होता जा रहा था
यह अपराधियों के बारे में सोचने का समय था
हरामकारों के बारे में
हम उनकी भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचा सकते थे
और वे हमारी जिंदगी को ठेस पहुंचा रहे थे
मैं वोट देना चाहता था
लेकिन किसी निशान पर मुहर लगा देने से
मेरे मत का पता नहीं चलता
मैं हुल्लड़, कीर्तन, रतजगों और सपनों में खलल देती अजानों से
तंग आ चुका था
मैं चाहता था सोचूं
और नहीं सोचता था
सोचना और बोलना एक चीज होती
मैं हिंदू जीवन जीने की कोशिश करता था
लेकिन उससे किसी हिंदू परिषद को कोई तकलीफ हो सकती थी
बस समाज में अभी जगह थी
कि मैं कालिदास और सूरदास के बारे में सोच सकता था
पीपल, यमुना और हिमालय के बारे में
अपने विचार रख सकता था
और गैलीलियो पर स्वतंत्र रूप से बोल सकता था
उससे किसी भड़ुए को कोई मतलब नहीं था

मैं संविधान और न्यायपालिका के बारे में सोचना चाहता था
लेकिन मैं नहीं सोचता था
मैं राजनैतिक रूप से सही होना चाहता था
लेकिन मैं पाता था कि ऐसा करते-करते
मैं इंसानी रूप से गलत होता जा रहा हूं।

Saturday, March 12, 2011

कालिदास बनकर भी क्या करेगा कालिये

कवि-गद्यकार विष्णु नागर जितने सहज व्यक्ति हैं, उतने ही सहज रचनाकार भी। वे बहुआयामी लेखक हैं- कथाकार, व्यंग्यकार, सुयोग्य पत्रकार और संपादक। मैं फिर कहता हूं चिडिय़ा और तालाब में डूबी छह लड़कियां कविता संग्रहों से पहचान बनाने वाले विष्णु नागर की चार छोटी कविताएं प्रस्तुत हैं-

एक
दोस्तो
मेरे दुश्मनों से मिलो
वे भी अच्छे लोग हैं
फर्क ये है
कि ये मेरे प्रशंसक नहीं हैं!

दो
रोने में
बच्चे का मन
खूब ही रमा हुआ था
रोने को वह गाने लगा था
गाता रहता इसी तरह वह कुछ और देर
मगर तभी कुत्ता कहीं से प्रकट हुआ
गाना फिर रोने में बदलने लगा।

तीन
कालिदास बनकर भी
तू क्या करेगा रे कालिये
ध्वज प्रणाम किया कर
ओ. के. साबुन से नहाकर
कमल-सा खिला कर
विज्ञापन- सा दिखाकर।

चार
एक नासमझ को
यह समझने में
बहुत वक्त लगा
कि वह समझदार नहीं है
बहुत ही बाद में उसे समझ में आया
कि खैर, यह भी अच्छा ही हुआ!

Friday, March 11, 2011

बहस की तेज आंच पर पकेंगे नपुंसक विचार

कविता का एक काम यह भी है कि अगर राह न मिले तो राह पाने की वह मन में बेचैनी पैदा करे। पढि़ए ऐसी ही एक कविता निर्मला पुतुल की। निर्मला पुतुल झारखंड की हिंदी कविता का एक प्रतिनिधि स्वर हैं-

एक बार फिर/निर्मला पुतुल

एक बार फिर-
हम इकट्ठे होंगे एक विशाल सभागार में
किराए की भीड़ के बीच

एक बार फिर-
ऊंची नाक वाली अधकटी ब्लाउज पहनी महिलाएं
करेंगी हमारे जुलूस का नेतृत्व
और मंचासीन होंगी प्रतिनिधित्व के नाम पर

एक बार फिर-
हमारी सभा को संबोधित करेंगी माननीया मुख्यमंत्री
बढ़ाएंगी मंच की शोभा ऐश्वर्या राय
और गौरवान्वित होंगे हम अपनी सभा में उनकी उपस्थिति से

एक बार फिर-
शब्दों के उडऩ खटोले पर बिठा
वे ले जाएंगी हमें संसद के गलियारे में
जहां पुरुषों के अहं से टकराएगा ३३ प्रतिशत का मुद्दा
और चकनाचूर हो जाएंगे फिर उसमें निहित हमारे सपने

एक बार फिर-
पुराने आंकड़े को भूल हम करेंगे प्रस्तुत नए आंकड़े
दहेज,हत्या,अपहरण, बलात्कार, वेश्यावृत्ति, यौन उत्पीडऩ के
और लेंगे दर्जनों प्रस्ताव इनके उन्मूलन के लिए

एक बार फिर-
हमारी चर्चाओं से होकर गुजरेंगी
इंदिरा, बेनजीर, मेधा पाटकर, मदर टेरेसा और लक्ष्मीबाई

एक बार फिर-
अपनी ताकत का सामूहिक प्रदर्शन करते
हम गुजरेंगे शहर की गलियों से
पुरुष-सत्ता के खिलाफ हवा में मुट्ठी बंधे हाथ लहराते हुए

एक बार फिर-
सड़क किनारे खड़े लोग सेंकेंगे अपनी आंखें हमें देख
और रोमांचित हो बतियाएंगे आपस में कि
यार शहर में बसंत उतर आया!

एक बार फिर-
शहर के व्यस्ततम चौराहे पर इकट्ठे होंगे हम
और पुरुष वर्चस्ववादिता को ललकारते
लगाएंगे खोखले नारे
नए-नए संकल्पों को मुट्ठियों में बांधे

एक बार फिर-
हमारा मुंह चिढ़ाते आंदोलन को ठेंगा दिखाएंगी
पोस्टरों से झांकती ब्रा-पैंटी वाली सिने तारिकाएं
खुलेआम बेशर्मी से नायक की बाहों में झूलते हुए

एक बार फिर-
हमारे उत्तेजक नारों की ऊष्मा से
गर्म हो जाएगी शहर की हवा
और बहस की तेज आंच पर पकेंगे नपुंसक विचार

एक बार फिर-
धीरे-धीरे ठंडी पड़ जाएगी भीतर की आग
और छितरा जाएंगे हम चौराहे से
अपने पति और बच्चों के दफ्तर व स्कूल से
लौट आने की चिंता में...।

Thursday, March 10, 2011

मित्र उसे झाड़ते हुए रूमाल से चला गया

आज की कविता में निर्मल आनंद की विशिष्ट पहचान है लोक या ग्राम्य संवेदना का आधुनिकता बोध के साथ संश्लेषण प्रस्तुत करने में। खेती-किसानी से जुड़े निर्मल छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के कोमा-राजिम गांव के रहने वाले हैं। पढि़ए उनकी मित्र शीर्षक यह कविता-

मित्र/निर्मल आनंद

चमचमाती कार में दस साल बाद गांव आए हैं मित्र
बड़े अफसर हो गए हैं भीतर बाहर से
उनकी बातों से नहीं आती जरा भी गंवईहापन की बू
वे हिंदी बोलते-बोलते अंगरेजी बोल पड़ते हैं
मुंह ताकते रह जाते हैं गांव के लोग
गोरा बदन आंखों पर धूप का चश्मा
और कलाई पर सुनहरी डायल की
घड़ी चमक रही है

कौन कहेगा यह वही बसंत गुरुजी का लड़का है
जो कभी इन्हीं गलियों में भंवरा, बांटी, गिल्ली-डंडा
और धूल से खेलकर बड़ा हुआ है
कौन कहेगा मैं उसका लंगोटिया यार हूं
जो बचपन में नंगे नहाते तालाब में डुबक-डुबक कर
बगीचे में साथ-साथ चुराते अमरूद
पकड़े जाने पर पिटते रखवार के हाथों दोनों

कौन करेगा यकीन कि मेरे घर में दोनों
एक ही बटकी में खाते बासी और उसके घर में मैं सब्जी-रोटी
आठवीं क्लास के बाद बिछड़े और मिले हैं आज
वही मित्र बमुश्किल से दो मिनट के लिए पधारे मेरे घर
और एक गिलास पानी तक नहीं पीया
निकल गए नाक-भौं सिकोड़ते

उसके कपड़े से महंगी इत्र की खुशबू आ रही थी
मेरे कपड़े से पसीने की तेज गंध
गांव बार-बार धूल की शक्ल में
उसके कपड़े से लिपट रहा था
मित्र उसे झाड़ते हुए रूमाल से चला गया
वापस शहर
कहीं उसे डस्ट एलर्जी न हो जाए।