साथ-साथ

Wednesday, March 9, 2011

बहुत कुछ बोल देती है यह नज्म

जिसे लोग देखते और महसूस करते हैं, उसके बारे में निदा फाजली की यह नज्म बहुत कुछ बोल देती है। बीते दौर का एक बयान है यह नज्म। वह जख्मी दौर, जो इतिहास में दर्ज हो चुका है और कुछ लोग आज भी इस फितरत में लगे हैं कि उसकी वापसी हो...

एक राजनेता के नाम/निदा फाजली

मुझे मालूम है!
तुम्हारे नाम से
मन्सूब हैं-

टूटे हुए सूरज
शिकस्ता चांद
काला आसमां
कर्फ्यू भरी राहें
सुलगते खेल के मैदान
रोती-चीखती मांएं

मुझे मालूम है
चारों तरफ
जो ये तबाही है
हुकूमत में
सियासत के
तमाशे की गवाही है

तुम्हें-
हिन्दू की चाहत है
न मुस्लिम से अदावत है
तुम्हारा धर्म
सदियों से
तिजारत था, तिजारत है

मुझे मालूम है लेकिन
तुम्हें मुजरिम कहूं कैसे
अदालत में
तुम्हारे जुर्म को साबित करूं कैसे

तुम्हारी जेब में खंजर
न हाथों में कोई बम था
तुम्हारे साथ तो
मर्यादा पुरुषोत्तम का परचम था।

Tuesday, March 8, 2011

उपदेश नहीं सलाह

कवि कभी किसी धर्मगुरु की तरह उपदेश नहीं देता, वह हमेशा दोस्त की तरह सलाह देता है। पढि़ए मशहूर शायर निदा फाजली की ऐसी ही एक खूबसूरत दोस्त-गजल...

गजल/निदा फाजली

सफर को जब भी किसी दास्तान में रखना
कदम यकीन में मंजिल गुमान में रखना

जो साथ है वही घर का नसीब है लेकिन
जो खो गया है उसे भी मकान में रखना

जो देखती हैं निगाहें वही नहीं सबकुछ
ये एहतियात भी अपने बयान में रखना

वो एक ख्वाब जो चेहरा कभी नहीं बनता
बना के चांद उसे आसमान में रखना

चमकते चांद-सितारों का क्या भरोसा है
जमीं की धूल भी अपनी उड़ान में रखना

सवाल तो बिना मेहनत के हल नहीं होते
नसीब को भी मगर इम्तिहान में रखना

Monday, March 7, 2011

वक्त पे घर क्यों नहीं जाता

हिंदी और उर्दू को धूप-छांह की तरह जिस शायर ने एक-दूसरे के बेहद करीब किया है, बेशक वह निदा फाजली ही हैं। बहुत सहल भाषा में बहुत गहरी बातें उनकी शायरी की खूबी है। जैसे कि यह गजल-

गजल/निदा फाजली

बेनाम-सा ये दर्द ठहर क्यों नहीं जाता
जो बीत गया है वो गुजर क्यों नहीं जाता

सब कुछ तो है क्या ढूंढती रहती हैं निगाहें
क्या बात है मैं वक्त पे घर क्यों नहीं जाता

वो एक ही चेहरा तो नहीं सारे जहां में
जो दूर है वो दिल से उतर क्यों नहीं जाता

मैं अपनी ही उलझी हुई राहों का तमाशा
जाते हैं जिधर सब, मैं उधर क्यों नहीं जाता

वो ख्वाब जो बरसों से न चेहरा, न बदन है
वो ख्वाब हवाओं में बिखर क्यों नहीं जाता

Sunday, March 6, 2011

अपनी-अपनी मुंबई

जो मुंबई के बाहर रहते हैं और टीवी पर नजारा लेते हैं, उनमें बहुतों के लिए मुंबई दलाल स्ट्रीट लगती है तो बहुतों को फिल्मी दुनिया। लेकिन अभी दो दिन पहले जब टीवी के पर्दे पर बांद्रा के गरीबनगर को भस्मीभूत करने वाली आग की लपटें दिखाई पड़ीं तो मुंबई का एक और भी चेहरा नजर आ गया। अब मुंबई में ही रहने वाले विख्यात शायर निदा फाजली की इस शहर पर लिखी यह नज्म भी पढ़ लीजिए-

बम्बई/निदा फाजली

यह कैसी बस्ती है
मैं किस तरफ चला आया
फजा में गूंज रही हैं हजारों आवाजें
सुलग रही हैं हवाओं में अनगिनत सांसें
जिधर भी देखो
खवे, कूल्हे, पिंडलियां, टांगें
मगर कहीं-
कोई चेहरा नजर नहीं आता!

यहां तो सब ही बड़े-छोटे अपने चेहरों को
चमकती आंखों को, गालों को, हंसते होठों को
सरों के खोल से बाहर निकाल लेते हैं
सवेरे उठते ही
जेबों में डाल लेते हैं!

अजीब बस्ती है!
इसमें न दिन, न रात, न शाम
बसों की सीट से सूरज तुलूअ होता है
झुलसती टीन की खोली में चांद सोता है

यहां तो कुछ भी नहीं!
रेल और बसों के सिवा
जमीं पे रेंगते बेहिस समंदरों के सिवा
इमारतों को निगलती इमारतों के सिवा
ये कब्र-कब्र जजीरा किसे जगाओगे
खुद अपने आप से उलझोगे, टूट जाओगे
यहां तो कोई भी चेहरा नजर नहीं आता!
------------------------------------------------
खवे-कंधे, तुलूअ-उदय, बेहिस-चेतनाशून्य, जजीरा-द्वीप

Saturday, March 5, 2011

याद है...

चुपके-चुपके रात-दिन...गजल को गाकर गुलाम अली साहब ने खूब लोकप्रिय कर दिया है, लेकिन कुछ ही लोगों को पता होगा कि इसका शायर कौन है? यह गजल उर्दू के मशहूर कवि हसरत मोहानी की है। 1875 ई. में यूपी के उन्नाव जिले में मोहान में जन्मे सय्यद फजलुल हसन एक शायर, पत्रकार और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में हसरत मोहानी नाम से जाने गए। आजादी के बाद 1951 ई. में लखनऊ में उनका इंतकाल हुआ। मौलाना हसरत मोहानी सूफी थे और पक्के कृष्ण भक्त भी। यह जो आजकल बड़े अहमकाना तरीके से हिंदू-मुसलमान किया जाता है, तब के समझदार लोगों में बिल्कुल नहीं था। हसरत मोहानी तो खैर मथुरा-ब्रिंदावन की तीर्थयात्रा भी करते रहते थे। उन्होंने लिखा है-
मथुरा में भी कुबूल हो हसरत की हाजिरी
सुनते हैं आशिकों पे तुम्हारा करम है खास।

अब उनकी यह गजल भी पढ़ लीजिए-

चुपके-चुपके रात-दिन आंसू बहाना याद है
हमको अबतक आशिकी का वह जमाना याद है

खींच लाना वह मेरा पर्दे का कोना दफअतन
और दुपट्टे से तेरा वह मुंह छिपाना याद है

गैर की नजरों से बचकर सबकी मर्जी के खिलाफ
वह तेरा चोरी-छिपे रातों को आना याद है

आ गया गर वस्ल की शब भी कहीं जिक्रे-फिराक
वह तेरा रो-रो के मुझको भी रुलाना याद है

दोपहर की धूप में मेरे बुलाने के लिए
वह तेरा कोठे पे नंगे पांव आना याद है

Friday, March 4, 2011

सबसे पहले स्त्रियों को ही धन्यवाद!

1989 में छपे अपने पहले ही कविता संग्रह प्रार्थना के शिल्प में नहीं से चर्चित-प्रतिष्ठित देवीप्रसाद मिश्र अपेक्षाकृत लंबी कविताओं के कवि हैं। उनकी कविताओं में हमारे समय का संकट बहुत शिद्दत से महसूस किया जा सकता है। पढि़ए उनकी यह कविता-

एक मुलायम धरती के लिए /देवीप्रसाद मिश्र

हमें नदियां नहीं खोदनी पड़ीं
न ही हमारे पुरखों को
फिर भी वे थीं वे हैं

हवा को हम किसी कोटर से नहीं लाए
वह थी। वह है।

दूब हमने नहीं बोई
समुद्र को नीला रंग हमने नहीं दिया

जामुन कसैली हो
कैथा खट्ïटा
आम खट्ïटा या मीठा
अनन्नास खटमिट्ठा
महुआ मादक हो- इसके लिए हमने कुछ नहीं किया

बबूल को काला और युक्लिप्टस को सफेद
हमने नहीं बनाया
आल्प्स आकाश और अमीबा
काली मिट्ïटी, अफ्रीका और अंटार्कटिका
शिवालिक, और ब्रह्मपुत्र
सतलज और सरपत

बकरियां, तितलियां, तेंदुआ
सोयाबीन और पेंगुइन
नरकुल और सरसों के फूल
चील, चरागाह और अबाबील
तिल, मधुमक्खियां और भील
दजला, फरात, हाथीघास
अरहर, कास और कपास
टिड्डे, बछड़े, घोड़े और कौए हमने कुछ नहीं बनाए

संसार की बहुत अद्ïभुत और बहुत अच्छी चीजें हमने नहीं बनाईं
फिर भी वे थीं। वे हैं।

तो अब हमें जो करना है बहुत कम है
लेकिन आसान नहीं है
कि मकान और कब्र के लिए उतनी ही जगह मिले सबको
उतने ही सिक्के मिलें
उतनी ही तितलियां
शहद और शक्कर पर उतनी ही हकदारी हो सबकी

सबके हिस्से का सूखा और शीत और पतझड़ समान हो
समान हो सबका वसंत और हरापन

उतना ही इंद्रधनुष
उतना ही सन और उतना ही सूत
उतना ही अन्न और उतना ही अम्ल
उतना ही जल सबको मिले

मेरे छालों के लिए क्योंकि असंख्य छालों के लिए जरूरी हो गया है
कि रुई के फाहों की तरह मुलायम हो पृथ्वी की पीठ
क्योंकि सिर्फ इतने तक के लिए नहीं थी पृथ्वी
कि पैरों में नाल ठोककर हम दौड़ते रहें घोड़ों की तरह
क्योंकि डरावने सहवासों के लिए ही नहीं थी पृथ्वी
क्योंकि सिर्फ घुटनों में सिर डालकर औरतों के सुबकने
                                               के लिए ही नहीं थी पृथ्वी
जैसे शहर सिर्फ आत्महत्याओं के लिए नहीं बने थे

अब भी एक ऐसी पृथ्वी है जो बची रह गई है
सेनानायकों, सामंतों और साम्राज्यों से
दो महायुद्धों से, महलों और मकबरों से
जो लगता है बची रहेगी राजनीतिज्ञों और दीमकों से
तो धन्यवाद! जिनके कारण पृथ्वी पृथ्वी है उन्हें धन्यवाद
इसलिए सबसे पहले स्त्रियों को ही धन्यवाद

जो पृथ्वी को कच्चे घड़े और गर्भस्थ शिशु की तरह
सहेजते हैं उन्हें धन्यवाद

जो चाय की पत्तियां चुनते हैं सुखाते हैं
मनुष्य और पृथ्वी के ठंडे होने के विरुद्ध
जो आरंभिक कार्रवाई हैं
उन्हें धन्यवाद

जो सबसे अच्छी तरह से खेलते हैं और सबसे अच्छी तरह से
लड़ते हैं उन्हें धन्यवाद
विवियन रिचर्ड्स को धन्यवाद

जिसके कारण पृथ्वी अपनी धुरी पर नाचती है
जो पृथ्वी का ईंधन है
जिसका पसीना पेट्रोल की तरह महकता है
बस्तर के उस कबायली को धन्यवाद

इस पृथ्वी पर हम कुछ मुलायम हरकतें करना चाहते हैं
कुछ लीलाएं
जैसे प्यार।

जरूरी है प्यार और प्यार के लिए पृथ्वी पर थोड़ी सी जगह
बहुत थोड़ी जगह। दीया भर जगह।
जितनी दर्जी को कपड़ा सीने के लिए चाहिए
मोची को जूता बनाने के लिए

जैसे जमीन पर फिलिस्तीन थोड़ी सी जगह चाहता है
थोड़ी सी जगह हम भी अपने प्यार के लिए चाहते हैं

जरूरी है प्यार
जैसे दुनिया के ग्लोब पर फिलिस्तीन जरूरी है।

Wednesday, March 2, 2011

बैटरी का हनुमान उठा रहा है प्लास्टिक का पहाड़

इसी वर्ष अपनी कथाकृति के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित बहुचर्चित लेखक उदय प्रकाश सर्वाधिक पठित, प्रशंसित और लोकप्रिय कथाकार तो हैं ही, लेकिन वे मूलत: और प्रथमत: कवि ही हैं। पढि़ए उनकी एक कविता-

बचाओ /उदय प्रकाश

चिंता करो मूर्धन्य- ष की
किसी तरह बचा सको तो बचा लो- ङ
देखो, कौन चुराकर लिए चला जा रहा है खड़ी पाई
और वर्णमाला के सारे अंक
जाने कहां चला गया ऋषियों का- ऋ

चली आ रही है इस्पात, फाइबर और अज्ञात यौगिक
धातुओं की तमाम अपरिचित-अभूतपूर्व चीजें
किसी विस्फोट के बादल की तरह हमारे संसार में
बैटरी का हनुमान उठा रहा है प्लास्टिक का पहाड़
और बच्चों के हाथों में बोल रही है कोई
डरावनी चीज- डींप...डींप...डींप...

बचा लो मेरी नानी का पहियों वाला काठ का नीला घोड़ा
संभाल कर रखो अपने लट्टू
पतंगें छुपा दो किसी सुरक्षित जगह पर

देखो...हिलता है पृथ्वी पर
अमरूद का अंतिम पेड़
उड़ते हैं आकाश में पृथ्वी के अंतिम तोते

बताएं सारे विद्वान
मैं कहां पर टांग दूं अपने दादा की मिरजई
किस संग्रहालय को भेजूं पिता का बसूला
मां का करधन और बहन के बिछुए मैं
किस सरकार को सौंपूं हिफाजत के लिए

मैं अपील करता हूं राष्ट्रपति से कि
वे घोषित करें
खिचड़ी, ठठेरा, मदारी, लोहार, किताब, भड़भूजा,
कवि और हाथी को
विलुप्तप्राय राष्ट्रीय प्राणी

वैसे खड़ाऊं, दातून और पीतल के लोटे को
बचाने की इतनी सख्त जरूरत नहीं है
रथ, राजकुमारी, धनुष, ढाल और तांत्रिकों के
संरक्षण के लिए भी किसी कानून की जरूरत नहीं है इतनी

बचाना ही हो तो बचाए जाने चाहिए
गांव में खेत, जंगल में पेड़, शहर में हवा,
पेड़ों में घोंसले, अखबारों में सच्चाई, राजनीति में
सिद्धांत, प्रशासन में मनुष्यता, दाल में हल्दी

क्या कुम्हार, धर्मनिरपेक्षता और
एक-दूसरे पर भरोसे को बचाने के लिए
नहीं किया जा सकता संविधान में संशोधन

सरदार जी आप तो बचाइए अपनी पगड़ी
और पंजाब का टप्पा
मुल्ला जी, उर्दू के बाद आप फिक्र करें शोरबे का
जायका बचाने की

इधर मैं एक बार फिर करता हूं प्रयत्न
कि बच सके तो बच जाए हिंदी में कविता।