साथ-साथ

Tuesday, March 1, 2011

अब तो पूरी शिद्ïदत से कोई लड़ता भी नहीं

राजेश जोशी हमारे वक्त के बहुत ही भरोसे के कवि हैं। उतने ही जबरदस्त गद्यकार भी। उनकी कविता जीवन-संघर्ष में शामिल हमारे बीच की वह जरूरी आवाज है, जिसे कतई अनसुना नहीं किया जा सकता। पढि़ए उनकी एक कविता...

प्लेटफार्म पर / राजेश जोशी

आवारगी के उन दिनों में जब देर रात लौटने पर
बंद हो जाते थे घरों के दरवाजे
गुजारी हमने कई-कई रातें प्लेटफार्म पर चहलकदमी करते हुए।

देर रात जब सुनसान होते हैं प्लेटफार्म और
बहुत कम गुजरती हैं रेल गाडिय़ां
दूर आसमान में टहलता रहता है बांका चांद
खाली पटरियों पर बीच में शंटिंग करते रहते हैं इंजन
ठंडी होती हुई रात के सन्नाटे में गूंजती है
इंजन की तेज सीटी और पहियों का संगीत।

ऊंघते हुए चायवाले, टिकिट कलेक्टर, इंजन ड्राइवर, गार्ड और
पटरियों की देखभाल करने वाले मजदूर हाथ में लालटेन लिए
अलग-अलग कोनों में खड़े बतियाते हैं।
उनकी फुसफुसाहटों और इक्का दुक्का यात्रियों के बीच
उस छोटे स्टेशन पर मटरगश्ती करते
गुजारी हमने कई रातें।

हर दिन लंबी होती सड़कों और बड़े होते शहरों में अब
कम होता जा रहा है चलन किसी को लेने आने या
छोडऩे जाने का।
झर रही है स्वीकृत होती जाती व्यवहारिकता में
सम्बंधों की गर्माहट आत्मीयता!

अब तो पूरी शिद्ïदत से कोई लड़ता भी नहीं
शिष्टïता के पाखंड और औपचारिकता के बीच बहुत खामोशी से
चलती है ठंडी कटुता की दुधारी छुरी।

उदासी बढ़ रही है कस्बों में और शहरों में उदासीनता!

आवारगी करते, व्यर्थ भटकते हुए प्लेटफार्म पर
हर आती-जाती ट्रेन की खिड़कियों से झांकते लोगों को हिलाए
                                                                                   हमने हाथ
दूर तक तलाशे होंगे उन लोगों ने हमारे अपरिचित चेहरों में
अपने स्वजनों के चेहरे!

दिनो दिन ठंडी होती जाती मन में बची आंच ने
कुछ पल को कुरेदा होगा जरूर
कुछ लोगों का मन!

Monday, February 28, 2011

अनदेखे को देखना-अनसुने को सुनना

कवि के लिए बड़ा काम है न देखे जा रहे को देखना और न सुने जा रहे को सुनना। इसके बहुत अच्छे उदाहरण के रूप में बहुचर्चित कवि अरुण कमल की कविताएं देखी-पढ़ी जा सकती हैं। जैसे कि यही दो कविताएं...

॥ नए इलाके में॥

इन नए बसते इलाकों में
जहां रोज बन रहे हैं नए नए मकान
मैं अक्सर रास्ता भूल जाता हूं

पुराने निशान धोखा दे जाते हैं
खोजता हूं विस्मय से पपीते का पेड़
खोजता हूं ढहा हुआ घर
और जमीन का खाली टुकड़ा जहां से बाएं
मुडऩा था मुझे
फिर दो मकान बाद बिना रंग वाले
लोहे के फाटक का घर था
                        इकमंजिला

और मैं हर बार पीछे लौट आता हूं एक घर
या दो घर आगे चल देता हूं

यहां रोज कुछ बन रहा है
यहां रोज कुछ घट रहा है
यहां स्मृति का भरोसा नहीं
एक ही दिन में पुरानी पड़ जाती है दुनिया

अब यही है उपाय
कि हर दरवाजा खटखटाओ और पूछो-
क्या यही है वो घर?

आ चला पानी
ढहा आ रहा आसमान।

॥ जैसे॥

जैसे
मैं बहुत सारी आवाजें नहीं सुन पा रहा हूं
चींटियों के शक्कर तोडऩे की आवाज
पंखुड़ी के एक एक कर खुलने की आवाज
गर्भ में जीवन-बूंद गिरने की आवाज
अपने ही शरीर में कोशिकाएं टूटने की आवाज

इस तेज बहुत तेज चलती पृथ्वी के अंधड़ में
जैसे मैं बहुत सारी आवाजें नहीं सुन रहा हूं
वैसे ही तो होंगे वे लोग भी
जो सुन नहीं पाते गोलियां छूटने की आवाज ताबड़तोड़
और पूछते हैं- कहां है पृथ्वी पर चीख?

Saturday, February 26, 2011

छोटी कविताओं में बड़ा अर्थ

जरूरी नहीं कि लंबी कविताओं में ही बड़े अर्थ हों- छोटी कविताओं में भी बड़ा अर्थ हो सकता है। उदाहरण के लिए कवि नरेश सक्सेना की तीन कविताएं यहां प्रस्तुत हैं...

मढ़ी प्रायमरी स्कूल के बच्चे

उनमें आदमियों का नहीं एक जंगल का बचपन है
जंगल जो हरियाली से काट दिए गए हैं
और अब सिर्फ आग हो सकते हैं
नहीं
बच्चे फूल नहीं होते
फूल स्कूल नहीं जाते
स्कूल जलते हुए जंगल नहीं होते।

सीढिय़ां

मुझे एक सीढ़ी चाहिए
दीवार पर चढऩे के लिए नहीं, बल्कि
नींव में उतरने के लिए
मैं किले को जीतना नहीं
उसे ध्वस्त करना चाहता हूं।

दरार

खत्म हुआ ईंटों के जोड़ों का तनाव
प्लास्टर पर दिखने लगी हल्की सी मुस्कान
दौड़ी-दौड़ी चींटियां ले आईं अपना अन्न-जल
फूटने लगे अंकुर, जहां था तनाव
वहां होने लगा उत्सव
हंसी
--हंसी
हंसते-हंसते दोहरी हुई जाती है दीवार
खत्म हुआ ईंटों के जोड़ों का तनाव।

Friday, February 25, 2011

कविता पुकार भी है, प्रार्थना भी

कविता के कई रंग और कई स्वर होते हैं- मसलन, वह पुकार भी हो सकती है और प्रार्थना भी। ऐसी ही दो छोटी कविताएं पढि़ए उर्दू के जाने-माने कवि कुमार पाशी की...

मैं हंसना चाहता हूं

मैं समुंदर जितना हंसना चाहता हूं
और बूंद जितना रोना

ईश्वर!
मैं सिर्फ तेरे ही जितना
जीना चाहता हूं,
नित नए सपनों के साथ
अपनों के साथ

ईश्वर!
मैं पैगंबर नहीं हूं
बिल्कुल तेरी तरह हूं
मेरी ख्वाहिशों की फेहरिस्त
बड़ी लंबी है
तेरी फेहरिस्त से भी तवील-

लेकिन मैं
ईश्वर से क्यों मुखातिब हूं?
जब कि मुझे मालूम है
वो मुझे फूल जितना हंसाएगा
और फिर
आसमान जितना रुलाएगा

क्या दे सकते हो?

किसी को क्या दे सकते हो तुम!
चांद किसी को दे सकते हो?
तारे--?
या फिर जगमग जुगनू किसको दे सकते हो?
सूखी शाख को हरा-सा पत्ता
प्यास को शबनम का इक कतरा
बुझी-बुझी-सी आंख की ज्योति
भूख को रोटी--
दे सकते हो?
मुझे बताओ :
धूप को साया दे सकते हो?
दश्त को दरिया दे सकते हो?
तीन सौ पैंसठ दिनों में मुझको
इक दिन अच्छा दे सकते हो?

Thursday, February 24, 2011

आना ही चाहिए कोई नया मोड़

समकालीन हिन्दी कविता को पहाड़ यानी उत्तराखंड ने जो तीन महत्वपूर्ण कवि दिए हैं, वह त्रयी है- लीलाधर जगूड़ी, मंगलेश डबराल और वीरेन डंगवाल की। पहाड़ की प्रकृति निश्चय ही बहुत आकर्षक और मुग्धकारी है, लेकिन ये तीनों कवि जीवन सौंदर्य और संघर्ष के कवि हैं। पढि़ए लीलाधर जगूड़ी की यह कविता...

मोड़/लीलाधर जगूड़ी
ऐसे मैदान जिनमें रास्ते नहीं होते
भाग्यहीन व्यक्ति की तरह लगते हैं
ऐसे रास्ते जिनमें पेड़ नहीं होते
कर्महीन जीवन की तरह लगते हैं

जो रास्ते सड़क बन जाते हैं वे मुझे पुरखों की तरह याद आते हैं
देखता हूं कि कितना सुंदर था उन कुछ कठिन रास्तों का भविष्य

कितनी सुंदर है यह सड़क
और इससे भी ज्यादा सुंदर हैं इसके मोड़
मोड़ पर ओझल होते हुए कुछ लोग
कहां जाते हुए कौन रहे होंगे वे
शायद उन्होंने ही बनाई हो यह सड़क

उनमें से कोई जरूर मिलेगा मुझे
भविष्य के किसी जटिल मोड़ पर
मैं जान भी नहीं पाऊंगा कि यही था वह
जो ओझल हो गया था किसी मोड़ पर
बहुत सारे लोगों के साथ

एक और मोड़ पर ओझल हुई थी जो महिला
लड़का जो आते-आते मुड़ गया था
बच्ची जो चौंककर डगमगाती भागी थी
वे सब मिलेंगे मुझे कभी किसी न किसी मोड़ पर
जो बन गया होगा उनकी जिंदगी में
और जिस पर मुडऩा होगा मेरी जिंदगी को

मुझे सुंदर लगते हैं मोड़ चाहे सड़क पर हों, चाहे वृक्ष में
चाहे जिंदगी में
इन्हीं में से होते हैं कुछ अच्छे कुछ खराब
कुछ विचित्र मोड़
जिनके बिना कुछ दूर तक ही अच्छी लगती है सपाट सड़क

फिर आना ही चाहिए कोई नया मोड़
आना ही चाहिए कोई नया मोड़
बस आता ही होगा कोई नया मोड़
आता ही होगा कोई नया मोड़।

Tuesday, February 22, 2011

यह कविता रूला देगी!

कुमार पाशी आधुनिक उर्दू  कविता के बहुत ही संवेदनशील और बड़े कवियों में एक रहे। 4 जुलाई 1935 को पाकिस्तानी हिस्से वाले बगदाद उल जदीद में पैदा हुए शंकर दत्त उर्फ कुमार पाशी देश विभाजन के बाद भारत चले आए। पहले जयपुर में फिर दिल्ली आ बसे। 17 सितम्बर 1992 को उनका इंतकाल हुआ। पढि.ए उनकी एक कविता, जो रूला-रूला देती है...

मैं अच्छी लड़की हूं/ कुमार पाशी
पापा, मैं तिरे घर की बांदी

मैंने अपने सत्रह बरस में
गुड़ियों से कै दिन खेला है
मैंने तो बस सत्रह बरस तक
तेरे घर का चौका-बर्तन साफ किया है

इन हाथों से छूकर तुझे जगाती थी मैं
रात का भोजन सबको खिलाकर
बचा-खुचा कुछ खाती थी मैं
मम्मी, पापा, भाई और बहनों के सिवा तो
मेरी इन आंखों ने किसी को
आज तलक देखा भी नहीं है
तेरे घर की डूयोढ़ी के बाहर तो अकेले

मैंने कदम रक्खा भी नहीं है
मैं क्या जानूं
मिरा पड़ोसी कौन है पापा!
सचमुच रोज सहर ने मुझको
चौके-चूल्हे में देखा है
रात भी मुझको
चौके में मसरूफ देखकर सो जाती थी
तेरे घर की दीवारों से बाहर पापा कब जाती थी
क्या जानूं इस जनम में मैंने
कौन-सा ऐसा पाप कमाया
सत्रह बरस तक तूने मुझको
मेरे हर लम्हे में देखा
फिर भी मुझे तू समझ न पाया

तू अभिमानी है ये सच है
मैं भी तो अभिमानी पापा की बेटी हूं
देख मुझे मैं- तेरी खातिर
अग्नि मां के
सुंदर, शीतल, मीठे शोलों में लिपटी हूं
पापा-
मैं अच्छी लड़की हूं।

Saturday, February 19, 2011

मातृभाषा दिवस और केदारनाथ सिंह की कविता

21 फरवरी को विश्व मातृभाषा दिवस है। लेकिन अफसोस कि आज दुनिया की लगभग 96 प्रतिशत भाषाओं पर अस्तित्व का संकट है। गौरतलब है कि दुनिया की आबादी तो रोज बढ़ रही है, लेकिन उसको अभिव्यक्त करने वाली भाषाएं रोज घट रही हैं। यही सूरत बनी रही तो दुनियाभर के लोग महज इन्हीं चार फीसदी भाषाओं के माध्यम से खुद को व्यक्त करेंगे। भाषाओं पर संकट के दौर में पढि.ए सुपरिचित कवि केदारनाथ सिंह की यह कविता...

मेरी भाषा के लोग/केदारनाथ सिंह

मेरी सड़क के लोग हैं
सड़क के लोग सारी दुनिया के लोग

पिछली रात मैंने एक सपना देखा
कि दुनिया के सारे लोग
एक बस में बैठे हैं
और हिंदी बोल रहे हैं
फिर वह पीली-सी बस
हवा में गायब हो गई
और मेरे पास बच गई सिर्फ मेरी हिंदी
जो अंतिम सिक्के  की तरह
हमेशा बच जाती है मेरे पास
हर मुश्किल में

कहती वह कुछ नहीं
पर बिना कहे भी जानती है मेरी जीभ
कि उसकी खाल पर चोटों के
कितने निशान हैं
कि आती नहीं नींद उसकी कई संज्ञाओं को
दुखते हैं अक्सर कई विशेषण

पर इन सबके बीच
असंख्य होठों पर
एक छोटी-सी खुशी से थरथराती रहती है यह !

तुम झांक आओ सारे सरकारी कार्यालय
पूछ लो मेज से
दीवारों से पूछ लो
छान डालो फाइलों के ऊंचे-ऊंचे
मनहूस पहाड़
कहीं मिलेगा ही नहीं
इसका एक भी अक्षर
और यह नहीं जानती इसके लिए
अगर ईश्वर को नहीं
तो फिर किसे धन्यवाद दे !

मेरा अनुरोध है —
भरे चौराहे पर करबद्ध अनुरोध —
कि राज नहीं — भाषा
भाषा- भाषा- सिर्फ  भाषा रहने दो
मेरी भाषा को ।

इसमें भरा है
पास-पड़ोस और दूर-दराज. की
इतनी आवाजों का बूंद-बूंद अर्क
कि मैं जब भी इसे बोलता हूं
तो कहीं गहरे
अरबी तुर्की बांग्ला तेलुगु
यहां तक कि एक पत्ती के
हिलने की आवाज भी
सब बोलता हूं जरा-जरा
जब बोलता हूं हिंदी

पर जब भी बोलता हूं
यह लगता है —
पूरे व्याकरण में
एक कारक की बेचैनी हूं
एक तद्भव का दुख
तत्सम के पड़ोस में ।