साथ-साथ

Monday, February 14, 2011

नाजिम हिकमत वाया फैज

तुर्की के विख्यात कवि नाजिम हिकमत की दो कविताओं को पढि.ए फैज अहमद फैज की तर्जुमानी  में। इन नज्मों को पढ़ने के पहले यह याद रखना जरूरी है कि हिकमत तुर्की की आजादी की लड़ाई में शामिल थे और उन्हें जेलखाना और देशनिकाला भोगना पड़ा था।

जिन्दां से एक खत
मेरी जां तुझको बतलाऊं बहुत नाजुक ये नुक्ता है
बदल जाता है इंसां जब मकां उसका बदलता है
मुझे जिन्दां में प्यार आने लगा है अपने ख्वाबों पर
जो शब को नींद अपने मेहरबां हाथों से
वा करती है दर उसका
तो आ गिरती है हर दीवार उसकी मेरे कदमों पर
मैं ऐसे गर्क हो जाता हूं इस दम अपने ख्वाबों में
कि जैसे इक किरन ठहरे हुए पानी पे गिरती है
मैं इन लम्हों में कितना सरखुश-ओ-दिलशाद फिरता हूं
जहां की जगमगाती वुस्अतों में किस कदर आजाद फिरता हूं
जहां दर्द-ओ-अलम का नाम है कोई न जिन्दां है
तो फिर बेदार होना किस कदर तुम पर गरां होगा
नहीं ऐसा नहीं है मेरी जां मेरा ये किस्सा है
मैं अपने अज्म-ओ-हिम्मत से
वही कुछ बख्शता हूं नींद को जो उसका हिस्सा है
-----------------------------------------------
जिन्दां=जेल, नुक्ता=भेद, सरखुश-ओ-दिलशाद=खुशमिजाज, जहां=दुनिया,
वुस्अतों=विस्तार, बेदार होना=जागना, गरां=भारी, अज्म=संकल्प

वा मेरे वतन
ओ मेरे वतन, ओ मेरे वतन, ओ मेरे वतन!
मेरे सर पर वो टोपी न रही
जो तेरे देस से लाया था
पांवों में वो अब जूते भी नहीं
वाकिफ थे जो तेरी राहों से
मेरा आखिरी कुर्ता चाक हुआ
तेरे शहर में जो सिलवाया था

अब तेरी झलक
बस उड़ती हुई रंगत है मेरे बालों की
या झुर्रियां मेरे माथे पर
या मेरा टूटा हुआ दिल है
वा मेरे वतन, वा मेरे वतन, वा मेरे वतन!

Sunday, February 13, 2011

आशिक तेरा रूस्वा तेरा शायर तेरा इंशा तेरा

वेलेंटाइन डे अगर प्यार का दिन है तो पढि.ए महान शायर इब्ने इंशा की यह गजल, जिसे गाकर गुलाम अली साहब ने पहले से ही मशहूर कर रखा है। इस गजल में इंशा का खुला मिजाज भी है और महसूस करना चाहें तो इश्क हकीकी से इश्क मजाजी तक का सूफियाना फलसफा भी।

कल चौदहवीं की रात थी शब भर रहा चर्चा तेरा
कुछ ने कहा ये चांद है कुछ ने कहा चेहरा तेरा

हम भी वहीं मौजूद थे हमसे भी सब पूछा किए
हम हंस दिए हम चुप रहे मंजूर था पर्दा तेरा

इस शहर में किससे मिलें हमसे तो छूटीं महफिलें
हर शख्स तेरा नाम ले हर शख्स दीवाना तेरा

कूचे को तेरे छोड़कर जोगी ही बन जाएं मगर
जंगल तेरे परबत तेरे बस्ती तेरी सहरा तेरा

हम पर ये सख्ती की नजर हम हैं फकीरे-रहगुजर
रस्ता कभी रोका तेरा दामन कभी थामा तेरा

हां-हां तेरी सूरत हसीं लेकिन तो ऐसा भी नहीं
इस शख्स के अशआर से शोहरा हुआ क्या-क्या तेरा

बेदर्द सुननी हो तो चल कहता है क्या अच्छी गजल
आशिक तेरा रूस्वा तेरा शायर तेरा इंशा तेरा

Friday, February 11, 2011

शताब्दी के शोर में शमशेर

नयी कविता के नाम से जो नया झरोखा खुला था, उसमें शमशेर बहादुर सिंह की कविता का बहुत बड़ा योगदान है. यह उनकी शताब्दी का वर्ष है और आयोजनों के अजीबोगरीब शोर में शमशेर जी की कविता का जो मौन है, वह बेसाख्ता महसूस होता है. कविता में उनके बिम्बों का तो कोई जवाब ही नहीं है. प्रस्तुत हैं उनकी दो छोटी कवितायें -
एक पीली शाम 
एक पीली शाम
पतझर का जरा अटका हुआ पत्ता
शांत
मेरी भावनाओं में तुम्हारा मुख कमल
कृश म्लान हारा-सा
( कि मैं हूँ वह मौन दर्पण में तुम्हारे कहीं ?)
वासना डूबी
शिथिल पल में
स्नेह काजल में
लिए अद्भुत रूप -कोमलता
अब गिरा अब गिरा वह अटका हुआ आंसू
सांध्य तारक- सा
अतल में.

लौट आ ओ धार
लौट आ ओ धार
टूट मत ओ सांझ के पत्थर
ह्रदय पर
( मैं समय की एक लम्बी आह
मौन लम्बी आह )
लौट आ, ओ फूल की पंखडी
फिर
फूल में लग जा
चूमता है धूल का फूल
कोई, हाय.

Saturday, February 5, 2011

शरमाना क्या, घबराना क्या!

पाकिस्तान की उर्दू  शायरी में इब्ने इंशा को बहुत ऊंचा मुकाम हासिल है। असल में वे एक अलग राह के सूत्रधार हैं- लगभग हमारे नागार्जुन  की तरह- जिसपर चलकर अहमद फराज और परवीन शाकिर ने शायरी को अलग ही रंगत और रौनक दी है। पंजाब के लुधियाना में 1927 में जन्मे इंशा 1949 में कराची जा बसे थे। पढि.ए उनकी यह गजल-

इंशा जी उठो और कूच करो इस शहर में जी को लगाना क्या
वहशी को सुकूं से क्या मतलब जोगी का नगर में ठिकाना क्या

इस दिल के दरीदा दामन में देखो तो सही, सोचो तो सही
जिस झोली में सौ छेद हुए उस झोली को फैलाना क्या

शब बीती चांद भी डूब चला जंजीर पड़ी दरवाजे में
क्यों देर गए घर आए हो सजनी से करोगे बहाना क्या

फिर हिज्र की लंबी रात मियां संजोग की तो यही एक घड़ी
जो दिल में है लब पर आने दो शरमाना क्या, घबराना क्या

उस हुस्न के सच्चे  मोती को हम देख सके पर छू न सके
जिसे देख सकें पर छू न सकें वो दौलत क्या वो खजाना क्या

जब शहर के लोग न रस्ता दें क्यों बन में न जा बिसराम करें
दीवानों की-सी न बात करे तो और करे दीवाना क्या

Tuesday, February 1, 2011

फसल क्या है?

हरी-भरी फसलों को लेकर ढेर सारी सौंदर्यपरक रोमानी कविताएं मिलती हैं। लेकिन उन सबसे अलग अपनी एक कविता में बहुत ही शानदार ढंग से बाबा नागार्जुन ने बताया है कि दरअसल फसल क्या है? पढि.ए यह कविता-

फसल/ नागार्जुन
एक के नहीं,
दो के नहीं,
ढेर सारी नदियों के पानी का जादू :
एक के नहीं,
दो के नहीं,
लाख-लाख कोटि-कोटि हाथों के स्पर्श की गरिमा :
एक की नहीं,
दो की नहीं,
हजार-हजार खेतों की मिटूटी का गुणधर्म :

फसल क्या है?

और तो कुछ नहीं है वह
नदियों के पानी का जादू है वह
हाथों के स्पर्श की महिमा है
भूरी-काली-संदली मिटूटी का गुणधर्म है
रूपांतर है सूरज की किरणों का
सिमटा हुआ संकोच है हवा की थिरकन का!

Monday, January 31, 2011

पगडंडी की चंदनवर्णी धूल

आज अपनी हिन्दी का फलक विश्वव्यापी है, लेकिन इसकी जड़ें कहां हैं? यह भी हम बाबा नागार्जुन  की कविताओं में बखूबी देख सकते हैं। गांवों से उखड़कर जो जिंदगियां शहरों के गमलों में रोप दिए जाने के लिए अभिशप्त हैं, उनके मन में हूक जगा सकती है 1959 की उनकी यह कविता-

बहुत दिनों के बाद/ नागार्जुन
बहुत दिनों के बाद
अबकी मैंने जी-भर देखी
पकी-सुनहली फसलों की मुस्कान
                  -बहुत दिनों के बाद

बहुत दिनों के बाद
अबकी मैं जी-भर सुन पाया
धान कूटती किशोरियों की कोकिल-कंठी तान
                                   -बहुत दिनों के बाद

बहुत दिनों के बाद
अबकी मैंने जी-भर सूंघे
मौलसिरी के ढेर-ढेर-से ताजे-टटके फूल
                          -बहुत दिनों के बाद

बहुत दिनों के बाद
अबकी मैं जी-भर छू पाया
अपनी गंवई पगडंडी की चंदनवर्णी धूल
                           -बहुत दिनों के बाद

बहुत दिनों के बाद
अबकी मैंने जी-भर तालमखाना खाया
                            गन्ने चूसे जी-भर
                         -बहुत दिनों के बाद

बहुत दिनों के बाद
अबकी मैंने जी-भर भोगे
गंध-रूप-रस-शब्द-स्पर्श सब साथ-साथ इस भू पर
                                         -बहुत दिनों के बाद

Sunday, January 30, 2011

बापू के बलिदान दिवस पर नागार्जुन की कविता की याद

देश में गांधी की नीतियों और संकल्पनाओं का सरकारों ने क्या हाल किया है, इसके मदूदेनजर बापू के बलिदान दिवस पर पढि.ए जनकवि बाबा नागार्जुन  की यह कविता, जो वर्ष 1969 की है-

तीनों बंदर बापू के

बापू के भी ताऊ निकले तीनों बंदर बापू के
सरल सूत्र उलझाऊ निकले तीनों बंदर बापू के
सचमुच जीवनदानी निकले तीनों बंदर बापू के
ज्ञानी निकले, ध्यानी निकले तीनों बंदर बापू के
जल-थल-गगन-बिहारी निकले तीनों बंदर बापू के
लीला के गिरधारी निकले तीनों बंदर बापू के
सर्वोदय के नटवर लाल
फैला दुनिया भर में जाल
अभी जिएंगे ये सौ साल
ढाई घर घोड़े की चाल
मत पूछो तुम इनका हाल
सर्वोदय के नटवर लाल
लंबी उमर मिली है, खुश हैं तीनों बंदर बापू के
दिल की कली खिली है, खुश हैं तीनों बंदर बापू के
बूढ़े हैं, फिर भी जवान हैं तीनों बंदर बापू के
परम चतुर हैं, अति सुजान हैं तीनों बंदर बापू के
सौवीं बरसी मना रहे हैं तीनों बंदर बापू के
बापू को ही बना रहे हैं तीनों बंदर बापू के
बज्जे होंगे मालामाल
खूब गलेगी उनकी दाल
औरों की टपकेगी राल
इनकी मगर तनेगी पाल
मत पूछो तुम इनका हाल
सर्वोदय के नटवर लाल
सेठों का हित साध रहे हैं तीनों बंदर बापू के
युग पर प्रवचन लाद रहे हैं तीनों बंदर बापू के
सत्य-अहिंसा फांक रहे हैं तीनों बंदर बापू के
पूंछों से छवि आंक रहे हैं तीनों बंदर बापू के
दल से ऊपर, दल के नीचे तीनों बंदर बापू के
मुस्काते हैं आंखें मीचे तीनों बंदर बापू के
छील रहे गीता की खाल
उननिषदें हैं इनकी ढाल
उधर सजे मोती के थाल
इधर जमे सतजुगी दलाल
मत पूछो तुम इनका हाल
सर्वोदय के नटवर लाल
मुंड़ रहे दुनिया-जहान को तीनों बंदर बापू के
चिढ़ा रहे हैं आसमान को तीनों बंदर बापू के
करें रात-दिन टूर हवाई तीनों बंदर बापू के
बदल-बदल कर चखें मलाई तीनों बंदर बापू के
गांधी-छाप झूल डाले हैं तीनों बंदर बापू के
असली हैं, सर्कस वाले हैं तीनों बंदर बापू के
दिल चटकीला, उजले बाल
नाप चुके हैं गगन विशाल
फूल गए हैं कैसे गाल
मत पूछो तुम इनका हाल
सर्वोदय के नटवर लाल
हमें अंगूठा दिखा रहे हैं तीनों बंदर बापू के
कैसी हिकमत सिखा रहे हैं तीनों बंदर बापू के
प्रेम-पगे हैं, शहद-सने हैं तीनों बंदर बापू के
गुरूओं के भी गुरू बने हैं तीनों बंदर बापू के
सौवीं बरसी मना रहे हैं तीनों बंदर बापू के
बापू को ही बना रहे हैं तीनों बंदर बापू के।