साथ-साथ

Thursday, April 29, 2010

॥ हे मैना पाखी॥

(मुंडारी लोकगीत का काव्यांतर : चौदह)

हे मैना पाखी!
देखो, सिसई का चारागाह
जलने लगा है
तुम कहां चुगने जाओगी?
देखो मैना,
तुम्हारा तेलई का मैदान भी
झुलसने लगा है
कहां से तुम चुनोगी तिनका?


देखो, आधा चारागाह जल रहा है
तो आधे में चुगो
झुलसते मैदान के बचे हुए
हिस्से में चुनो अपने तिनके

अरे, तुम तो चुगते-चुगते
आधा जल गई, मैना!
हाय झुलस गई आधा
तिनका चुनते-चुनते!
ओह, तेरी चोटी का पंख जल गया
हाय तेरे गले का हार झुलस गया।

Wednesday, April 28, 2010

॥ अगर भौजाई लाओ॥

(मुंडारी लोकगीत का काव्यांतर : तेरह)
हे भइया, अगर भौजाई लाओ
तो खाते-पीते घर से ही लाना

जहां शुद्ध हंड़िया पी जाती हो
आचार-विचार अच्छे हों
मान-मर्यादा अच्छी हो।

यह कैसे मुमकिन है भाई,
हम तो बिन मां के- अनाथ हैं
कैसे मिलेगा ऐसा घर
हमारे पिता भी नहीं- अनाथ हैं!

॥ सजाया है खोंपा॥

(मुंडारी लोकगीत का काव्यांतर : बारह)

हे मां, यह किस चीज से
सजाया है खोंपा,
चकचक कर रहा है!
हे मां, यह किस सूत से
बनी है साड़ी,
धारीदार दिख रही है!

हे बिटिया, यह सरसों तेल में
चुपड़ा खोंपा है,
चकचक कर रहा है
बिटिया, बड़ी जात वाली कपास का
सूत है यह
जो धारीदार दिख रहा है।

Tuesday, April 27, 2010

॥ कंदमूल और मछलियां॥

(मुंडारी लोकगीत का काव्यांतर : ग्यारह)

भेलवा और कुसुम के पेड़ों वाली ढलान पर
देखो, लहलहा रहे हैं कंदमूल
झाड़ियों से ढंके नाले और
लताओं से पटी तराई के पानी में
मछलियां खेल रही हैं आंखमिचौनी

लहलहाते कंदमूल को खोद लाओ दोस्त
आंखमिचौनी खेलती मछलियां पकड़ लाओ!

अरे दोस्त, कंदमूल खोदने गया
तो वे सब जड़ों से चिपक कर बैठ गए
और मछलियां पकड़ने गया
तो सब की सब मेंढक बन गई।

Saturday, April 24, 2010

॥ एक पलड़े के तराजू वाले॥

(मुंडारी लोकगीत का काव्यांतर : दस)

पहाड़ों की ढलान से उतरने वाले
और तराई के रास्तों पर चलने वाले
ये व्यापारी गण।

झूमते-झामते उतरने वाले और
आहिस्ता-आहिस्ता बढ़ने वाले
ये व्यापारी गण।

इमली के वृक्ष तले सुस्ताने वाले
अमराई में डेरा डालने वाले
ये व्यापारी गण।

अरे भाई, क्या यही नमक के व्यापारी हैं
क्या ये ही हैं लहसुन-प्याज के सौदागर?
अरे भई हां, ये ही नमक के व्यापारी हैं
ये ही हैं लहसुन-प्याज के सौदागर-

एक पलड़े के तराजू वाले लोग यही हैं
और ये ही हैं जो लहसुन के बदले
लेते हैं चार-चार चीजें!

Thursday, April 22, 2010

॥ ऐ लड़की॥

(मुंडारी लोकगीत का काव्यांतर : नौ)

ऐ लड़की, तेरी मां और चाचियां
सरहुल के त्यौहार पर हास-परिहास में लगी हैं
पर तू तो घर के पिछवाड़े
गुमसुम खड़ी है

तेरे पिता और चाचा लोग गए हैं अनुष्ठान में
पर तू तो बाहर, खाई के पास दुबकी पड़ी है।

पिछवाड़े खड़ी हो
और छप्पर का पानी तुम पर गिर रहा है
खाई के पास दुबकी पड़ी हो
लेकिन कगार की मिटूटी तो खिसक रही है!

Tuesday, April 20, 2010

॥ हे दुनिया वालो॥

(मुंडारी लोकगीत का काव्यांतर : आठ)
साल वृक्ष की कोंपलों पर बैठे
क्यों मिरू पाखी, तुम ही रोया करोगे?
गोरार लताओं की झाड़ी में
कारे पाखी, तुम्हारी छाती की धड़कन ही
क्यों सुनाई देती है?

हे दुनिया वालो, मैं ही रोता हूं
क्योंकि साल वृक्ष की डाल टूट गई है
हे भाई, मेरी छाती की ही धड़कन सुनाई देती है
क्योंकि वृक्ष का तना खोखला हो गया है।

हे मिरू, रोओ मत
कल ही नई डाल निकल आएगी
घबराओ नहीं कारे पाखी,
तने का खोखलापन भर जाएगा अगले ही दिन।

नहीं भाई, दूसरी डाल भले ही निकले
वह पहली जैसी नहीं होगी
नहीं दोस्त, नहीं, खोखलापन भर भी जाए
तब भी पहले जैसा मजबूत नहीं होगा तना।